पीडीडीयू नगर। ठंड के साथ कोहरे के बीच जिले की आब-ओ-हवा बिगड़ने लगी है। धूल और वाहनों के धुएं के कारण प्रदूषण बढ़ने से मंगलवार को जिले का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 133 पहुंच गया। वहीं, हवा की रफ्तार घटने और न्यूनतम तापमान दो डिग्री बढ़ने की वजह से शीतलहर से कुछ राहत मिली है।
एक्यूआई का स्तर 75 से 100 के बीच सामान्य माना जाता है जबकि इससे अधिक होने पर यह खतरनाक की श्रेणी में आ जाता है। मंगलवार को जिले में सुबह कोहरा छाने के कारण एक्यूआई 155 तक पहुंच गया था लेकिन धूप निकलने के बाद यह घटकर 130-135 पर आ गया। वहीं, दो डिग्री पारा चढ़ने और हवा की रफ्तार 20 से घटकर पांच किलोमीटर प्रति घंटा हो जाने के कारण शीतलहर से कुछ राहत मिली है।
जिले में अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री दर्ज किया गया। इसके पहले रविवार को न्यूनतम तापमान छह और सोमवार को सात डिग्री दर्ज किया गया था। हालांकि शाम होते ही लोग फिर ठिठुरने लगे। राज्य कृषि व मौसम विभाग के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अभी कुछ दिनों तक तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।