पीडीडीयू नगर। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अहमदाबाद और पटना के बीच चलने वाली अहमदाबाद-पटना एक्सप्रेस में द्वितीय और तृतीय वातानुकूलित श्रेणी का एक-एक अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है। अहमदाबाद से यह व्यवस्था छह सितंबर से और पटना से आठ सितंबर से लागू होगी।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि अतिरिक्त कोच लगाए जाने के बाद ट्रेन में द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी (2 एसी) के कोचों की संख्या दो से बढ़कर तीन हो जाएगी। वहीं तृतीय वातानुकूलित श्रेणी (3 एसी) के कोचों की संख्या छह से बढ़कर सात हो जाएगी। इसके साथ ही ट्रेन में कुल कोचों की संख्या 20 से बढ़कर 22 हो जाएगी।अतिरिक्त एसी कोच लगाए जाने से पटना और अहमदाबाद के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। विशेषकर लंबी दूरी की इस ट्रेन में बढ़ती भीड़ के बीच आरक्षित एसी श्रेणी में अधिक यात्रियों को यात्रा का अवसर मिल सकेगा।