जर्जर तारों की मरम्मत की मांग को लेकर सोमवार को फुल्ली गांव में दूसरे दिन भी ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ मनमानी करने का आरोप लगाया। चेताया कि शीघ्र ही जर्जर तारों की मरम्मत नहीं हुई तो तहसील पर आंदोलन करेंगे।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रविवार को जर्जर तार के टूटकर गिर जानेे से एक भैंस की मौत हो गयी। वहीं कई लोग बाल- बाल बच गए थे। घटना के बाद ग्राम प्रधान श्रीराम कुशवाहा ने विभागीय अधिकारी और कर्मचारी को जानकारी दी, लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण मौके पर आना तो दूर लटकते हुए तारों को ठीक तक नहीं कराया गया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुआवजा और मरम्मत कराने की मांग की। इस बाबत एसडीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि अगर जानकारी के बाद भी कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा है तो इसकी जांच कर कार्रवाई की जायेगी। प्रदर्शन में श्रीराम कुशवाहा, ब्रम्हापाल, दुर्गावती देवी, सुशीला, शकुन्तला, हीरावती, सरोज, देवनाथ, रविन्द्र पाल, भीम राय, श्यामलाल, रामअवतार, राधेश्याम, देवनाथ, महादेव, रविन्द्र प्रताप, रामकृत मौर्य, नयन कुशवाहा, अजय आदि मौजूद रहे।