कस्बा स्थित यूनियन बैंक आफ इंडिया की शाखा में गुरुवार को दोपहर बाद बैंक कर्मी द्वारा गेट पर ताला बंद कर दिए जाने से लाइन में खड़े उपभोक्ता नाराज हो गए और कर्मचारियों के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
कस्बा स्थित यूनियन बैंक आफ इंडिया की शाखा के गुरुवार को खुलने से पहले उपभोक्ताओं की लंबी कतार बैंक के बाहर लग गयी। ठंड के बावजूद लोगों का बैंक की ओर आने का सिलसिला जारी रहा। बैंक कर्मियों द्वारा दोपहर तक उपभोक्ताओं को उनके खाते से रुपये दिये गए लेकिन कैश न होने के चलते बैंककर्मी ने समय से पूर्व ही बैंक गेट पर ताला लगा दिया गया और लोगों से अगले दिन आने के लिए कह दिया। उपभोक्ता ताला खोले जाने की बात पर अड़ गये। बैंक कर्मी ने जब ताला नहीं खोला तो उपभोक्ता नाराज हो गए और बैंक के बाहर प्रदर्शन कर शाखा प्रबंधक के विरोध में नारेबाजी करने लगे। कस्बा के कपड़ा व्यवसायी वीरेंद्र जायसवाल ने कहा कि शाखा प्रबंधक और कर्मचारी तानाशाही ढंग से काम कर रहे हैं। बड़गांवा के मिक्कू प्रधान व लेहरा के अनिल पांडेय ने कहा कि हम लोग बैंक का एक हफ्ते से चक्कर लगा रहे हैं लेकिन बैंक से पैसा नहीं मिल रहा है। इस संबंध में शाखा प्रभारी का कहना रहा कि बैंक में कैश नहीं होने की वजह से ताला बंद कर दिया गया था ताकि बैंक के कागजी कार्य शांति से निपटाया जा सके। उपभोक्ताओं को परेशान करने की मंशा नहीं थी।