पिछले तीन वर्षों से खराब पड़े हैंडपंप के मरम्मत की मांग को लेकर क्षेत्र
के बरठी गांव के मुस्लिम बस्ती के लोगों ने बुधवार को विकास खंड अधिकारी व
सेक्रेटरी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
विरोध-प्रदर्शित
कर रहे लोगों का कहना था कि हैंडपंप के मरम्मत के लिए कई बार विकास खंड
कार्यालय पर गुहार लगाई गई लेकिन आज तक उसे ठीक नहीं कराया गया। जिसकी वजह
से गांव के सैकड़ों घरों के लोगों को कुएं के पानी पर आश्रित रहना पड़ता
है। चेताया कि यदि शीघ्र हैंडपंप की मरम्मत नहीं कराई गई तो हम सभी उग्र
होकर आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
गौरतलब है कि गांव की जनसंख्या लगभग
चार से पांच हजार के बीच है। वहीं मुस्लिम बस्ती में सैकड़ों घरों को पेयजल
के लिए जल निगम द्वारा मात्र एक हैंडपंप लगवाया गया था और वह भी पिछले तीन
वर्षों से खराब पड़ा है। जिसकी वजह से पेयजल के लिए लोगों को काफी
परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत कई बार तहसील
दिवस पर व बीडीओ से की थी, लेकिन आज तक हैंडपंप को दुरुस्त नहीं कराया
गया।
इस बाबत खंड विकास अधिकारी दिलीप सोनकर का कहना है कि बजट के अभाव में
हैंडपंपों के मरम्मत का कार्य नहीं हो पा रहा है। इस दौरान रुस्तम अंसारी,
अगनू गोड़, सोनू सिंह, दीपक गोड़, बिहारी साव, मोहन सेठ, बुल्ला अंसारी,
गणेश तिवारी आदि लोग मौजूद रहे।