भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को विद्युत वितरण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता कार्यालय पर पहुंच कर प्रदर्शन किया। इस दौरान नगर में अघोषित बिजली कटौती बंद करने की मांग की। साथ ही चेताया कि यदि तीन दिनों के भीतर आपूर्ति व्यवस्था नहीं सुधरी तो वे उग्र आंदोलन भी होगा।
इसके पूर्व सभा में वक्ताओं ने कहा कि दिन में तो छह से आठ घंटे तक की कटौती हो रही है, वहीं रात में तीन से चार घंटे की कटौती की जा रही है। कुल मिलाकर आठ से दस घंटे ही बिजली मिल रही है। इसमें कटौती से हाल बेहाल हो जा रहा है। स्थिति यह है कि लोग न तो घरों में रह पा रहे हैं और न ही बाहर रह पा रहे हैं। रमजान शुरू हो गया है। ऐसे में न तो सहरी के वक्त बिजली मिल रही है और न ही इफ्तारी के वक्त बिजली मिल रही है। तिलावत में भी दिक्कत हो रही है। जगह जगह ट्रांसफार्मर जले होने की वजह से भी बिजली आपूर्ति ठप हो रही है। इस दौरान नगर में 18 से बीस घंटे बिजली आपूर्ति की जाए। साथ ही रात को कटौती मुक्त किया जाए। इसके पूर्व भाजपाजन जुलूस निकालकर एसडीओ कार्यालय चंदासी पहुंचे। लेकिन यहां अधिकारी के मौजूद न रहने पर एक्सईएन कार्यालय पर पहुंच कर प्रदर्शन किया। इस मौके पर गोविंद यादव, अनिल गुप्ता, बब्लू यादव, सतीस चौहान, जैनेन्द्र दुबे, संतोष यादव, सौरभ चंद्र, मानिक गुप्ता, मनोज तिवारी, कल्लू जायसवाल, संजय यादव, अमित केशरी, राहुल जायसवाल आदि रहे।