स्थानीय गांव स्थित गंगा तट पर मां घटवारी देवी और शायर माता के शृंगार के बाद दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। शुक्रवार को आयोजित भंडारे में सैकड़ों भक्तों ने माता के जयकारों के बीच प्रसाद ग्रहण किया। पूरे दिन गंगा तट भक्तिमय माहौल से गुंजायमान रहा। प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले शृंगारोत्सव के तहत इस वर्ष भी गांव निवासी एवं वर्तमान में मुंबई में रह रहे सुरेश निषाद की ओर से दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे आचार्यों ने मंत्रोच्चार के साथ शृंगारोत्सव का शुभारंभ कराया। इसके बाद भव्य दरबार में स्थानीय और बाहरी कलाकारों ने 24 घंटे का अखंड हरिकीर्तन प्रस्तुत किया। शुक्रवार दोपहर भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। माता के दरबार को विशेष रूप से सजाया गया था। बंगाल से आए कलाकारों ने विद्युत झालरों से आकर्षक सजावट की, जिसे देखने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचे। इस मौके पर साजन साहू, अनिल निषाद, दिलीप निषाद, विजय निषाद और जितेंद्र निषाद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।