फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandauli News: घने कोहरे के बाद हाड़कंपाती ठंड से ठिठुरे लोग, धूप रही बेअसर

विज्ञापन
पीडीडीयू नगर में अलाव तापते लोग। संवाद - फोटो : CHANDAULI
विज्ञापन
पीडीडीयू नगर। जिले में सोमवार को कड़ाके की ठंड व कोहरे से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। दिन अधिकतम का पारा 17 व न्यूनतम छह डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह घने कोहरे के बाद हाड़ कंपा देने वाली ठंड से जगह-जगह लोग ठिठुरते देखे गए। कोहरे को चीरने के बाद सूर्यदेव का दर्शन करीब 11 बजे हुए, लेकिन कड़ाके की ठंड के आगे धूप पूरी तरह फीकी महसूस हुई। ठंड से दिनभर लोग कंपकंपाते नजर आए। सबसे बुरा हाल गरीब तबके के लोगों का रहा। वे सर्द हवाओं के बीच जगह-जगह ठिठुरे नजर आए। अलाव जलवाने को लेकर जिला प्रशासन बेपरवाह बना हुआ है। सुबह नौ बजे के बाद कोहरा छंटना शुरू हुआ। धूप निकली तो जरूर, लेकिन कड़ाके की ठंड व गलन के आगे फीकी रही। धूप में लोग आनंद लेते देखे गए लेकिन धूप से छांव में आते ही फिर ठंड से कंपकंपाने लग रहे थे। शाम पांच बजे के बाद शीतलहर चलने से कड़ाके की सर्दी बढ़ गई। सर्द हवाएं चलने से लोग सिहर जा रहे थे। शाम होते ही सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। ठंड व कोहरा उन लोगों के लिए खासा परेशानी वाला साबित हो रहा है, जिन्हें सुबह तैयार होकर जीविकोपार्जन के लिए बाहर निकलना पड़ता है। कोहरे के चलते दृश्यता 10 से 20 मीटर के बीच रही। इसके चलते वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर काफी धीमी रफ्तार से चलना पड़ा। वाहन चलाने में लोगों को खासी परेशानी हुई। वहीं सुबह काम पर निकलने वाले लोगों को तैयार होने में दिक्कत का सामना करना पड़ा। घरों की छतों पर रखी टंकियों का पानी मानो बर्फ में तब्दील हो गया था। कड़ाके की ठंड और कोहरे से जन जीवन अस्त व्यस्त रहा। दृश्यता कम होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आलू, सरसों, चना, अलसी, मसूर आदि की फसलों को नुकसान होने का अंदेशा है। माह की शुरुआत से ही ठंडक ने रौद्र रूप अख्तियार किया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें