धानापुर। कस्बा स्थित अमर वीर इंटर कॉलेज के खेल मैदान में चल रहे फुटबॉल टूर्नामेंट में बुधवार को आजमगढ़ के मुबारकपुर और धानापुर के बीच मैच खेला गया। इसमें मुबारकपुर आजमगढ़ की टीम ने 3-0 से शानदार जीत दर्ज करते हुए अगले चक्र में प्रवेश कर लिया। निर्धारित 45–45 मिनट के खेल में दोनों टीमों ने आक्रामक रणनीति अपनाते हुए एक-दूसरे पर लगातार दबाव बनाए रखा। मुकाबले के पहले हाफ में मुबारकपुर के खिलाड़ी नफीस ने गोल दागकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई।
दूसरे हाफ में मुबारकपुर का दबदबा और बढ़ गया जब विशाल और ओसमा ने एक-एक गोल कर स्कोर 3–0 कर दिया। कड़े संघर्ष के बावजूद धानापुर की टीम कोई गोल नहीं कर सकी। इस तरह मुबारकपुर आजमगढ़ की टीम ने अगले चक्र में प्रवेश कर लिया। मैच का शुभारंभ प्रहलादपुर गांव के प्रधान आशुतोष सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर व फुटबॉल को किक मारकर किया। इस मौके पर सुहेल खान, कमलाकांत मिश्र, अमेरिका प्रजापति, उमेश, सारिक, रेफरी राशिद खान आदि उपस्थित रहे।