सकलडीहा। लखनऊ कोर्ट में अधिवक्ताओं पर हुई बमबारी से नाराज अधिवक्ताओं ने बृहस्पतिवार को तहसील मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही जनपद मुख्यालय पर चल रहे अधिवक्ताओं के आंदोलन को अपना समर्थन दिया।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक यादव ने आरोप लगाया कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा को लेकर प्रदेश सरकार गंभीर नहीं है। आए दिन अधिवक्ताओं पर हमला हो रहा है। डेमोक्रेटिक बार के अध्यक्ष अतुल तिवारी ने कहा कि कानून व्यवस्था की जगह पूरे प्रदेश में जंगलराज कायम हो गया है। अधिवक्ताओं ने लखनऊ में अधिवक्ता के ऊपर हुई बमबारी की घटना की कड़ी निंदा करते हुए शासन से शीघ्र अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की है। अंत में जनपद मुख्यालय पर न्यायालय के मुद्दे पर चल रहे अधिवक्ताओं के आंदोलन का समर्थन करते हुए नारेबाजी की। प्रदर्शन करने वालों में शासकीय अधिवक्ता जगदीश सिंह, रोहित सिंह, शिवकुमार सिंह, शिवगोविंद सिंह, श्रीकांत सिंह, कुबेर सिंह, रामायण सिंह, यशंवत यादव, संजय श्रीवास्तव, मनोज पांडेय, अखिलेश तिवारी, शिवाजी लाल, जयप्रकाश ओझा, दुर्ग विजय सिंह, अवधेश पांडेय, उपेंद्र नारायण सिंह, राजगोपाल सिंह शामिल रहे।