पीडीडीयू नगर। कोरोना संक्रमण काल को देखते हुए बाजार धीरे-धीरे खुलने लगे है वहीं कालेजों ने भी नामांकन की प्रक्रिया चल रही है। कुछ महाविद्यालयों में बीए और एमए के पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन प्रवेश फार्म भरे जा रहे हैं। कुछ महाविद्यालयों प्रवेश फार्म भरा जा चुका है। कोरोना संक्रमण के चलते वर्तमान शिक्षण सत्र तीन माह विलंब से चल रहा है। वहीं दूसरी तरफ छात्र-छात्राएं प्रवेश प्रक्रिया को लेकर ऊहापोह की स्थिति में है।
पीडीडीयू नगर स्थित एलबीएस पीजी कालेज बीए और एमए (हिंदी एवं इकोनॉमिक्स) में प्रवेश फार्म भरे जाने की तिथि 17 अगस्त को समाप्त हो चुकी है। प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र मिश्रा ने बताया बीए में लगभग 1700 व एमए में 90 फार्म ऑनलाइन भरे गए है। बताया कि महाविद्यालय में बीकॉम व एमए शिक्षाशास्त्र व समाजशास्त्र (स्ववित्तपोषित) के फार्म सितंबर माह में भरे जाने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय के निर्देश पर प्रवेश परीक्षाएं आयोजित होगी। इसी प्रकार चकिया स्थित सावित्रीबाई फुले राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बीए में प्रवेश के लिए 20 अगस्त तक ऑनलाइन फार्म भरे जाएंगे। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संगीता सिन्हा ने बताया कि महाविद्यालय की वेबसाइट से प्रवेश की प्रक्रिया पूरी की जाएगी । बताया कि अब तक लगभग 500 फार्म भरे जा चुके हैं।सकलडीहा पीजी कालेज में बीए में कुल 660 व एमए में साठ व प्रायोगिक विषय में 40 सीटे है। बीए में अब तक 645 छात्र रजिस्ट्रेशन करा चुके है। महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि प्रवेश फार्म भरने की अंतिम तिथि के बाद विश्वविद्यालय की ओर से जारी निर्देश के आधार पर प्रवेश परीक्षा कराइ जाएगी।