पीडीडीयू नगर। हावड़ा दिल्ली रूट पर अति व्यस्त पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर बंदरों का आतंक समाप्त नहीं हो रहा है। इसी महीने 15 सितंबर को सियालदह अजमेर एक्सप्रेस में बंदर घुस गया और पीडीडीयू जंक्शन से सासाराम तक की यात्रा की थी। ट्रेन में डेढ़ घंटे तक यात्री भयभीत रहे। पं. दीनदयाल उपाध्याय रेलवे स्टेशन पर बंदरों से उत्पात से यात्री परेशान हैं। स्थिति यह है कि यहां प्लेटफार्म,, सीढ़ियों और छतों पर बंदर धमाचौकड़ी मचाते रहते हैं। भूखे बंदर खाने की लालच में यात्रियों पर झपट्टा मार समान छीन लेते हैं। वर्तमान में तीन -चार सौ बंदर रेलवे स्टेशन पर धमाचौकड़ी मचाते रहते हैं। अब तो बंदर ट्रेन में भी घुस जा रहे हैं। 15 सितंबर को अजमेर सियालदह एक्सप्रेस के कोच संख्या एस-5 में एक बंदर घुस गया और सीट संख्या 44 पर बैठ गया। अन्य यात्री सोए थे और 44 नंबर सीट खाली थी। ट्रेन खुलने के बाद यात्रियों की नींद खुली और नीचे वाली सीट पर बंदर बैठा देखा तो सहम गए। इसकी सूचना आपातकालीन नंबर 139 पर दी। ट्रेन सासाराम पहुंची तो सीट संख्या 44 पर सवार होने के लिए एयरपोर्ट ऑथारिटी कोलकाता के अधिकारी अतीश कुमार पहुंचे। यह सीट सासाराम से सियालदह के लिए बुक थी। सीट पर बंदर देख कर वह सहम गए। ट्रेन में सवार टीटीई ने बताया कि गया में बंदर को उतारा जाएगा तब तक वे दूसरे कोच में चले गए। इसी बीच सासाराम में बंदर स्वयं उतर गया। इसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। बावजूद इसके अब तक बंदर को भगाने के लिए कोई उपाय नहीं किया गया।