डीएम चंद्रमोहन गर्ग ने मंगलवार को किसान दिवस की बैठक में फसल नुकसान सत्यापन में लापरवाही बरतने वाले लेखपालों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में पिछली बार उठाए गए मुद्दों की समीक्षा की गई। डीएम ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को चेताया कि विभागीय स्तर पर निस्तारण योग्य समस्याओं को टाला न जाए।
बैठक के दौरान डिप्टी आरएमओ की उपस्थिति न रहने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी शिकायतें मेरे स्तर तक नहीं आनी चाहिए, संबंधित विभाग स्वयं प्राथमिकता पर उनका निष्पादन करें। केवल बड़ी और जटिल समस्याएं ही संज्ञान में लाई जाएं।
किसान सम्मान निधि योजना का लाभ सुचारू रूप से दिलाने के लिए जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे अपनी फॉर्मर रजिस्ट्री अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि पंजीकरण पूरा न होने से कई किसान लाभ से वंचित रह जाते हैं।
डीएपी खाद उपलब्ध कराने के निर्देश
बैठक में किसानों ने डीएपी खाद की कमी की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने कृषि विभाग के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने और सभी बिक्री केंद्रों पर पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को खेती-किसानी में किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं होनी चाहिए। किसानों ने बताया कि कई स्थानों पर माइनर मिट्टी से पट गई हैं, जिससे खेतों में पानी पहुंचाने में कठिनाई हो रही है। साथ ही नहरों/माइनरों पर बने कई पुल जर्जर स्थिति में हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को तुरन्त निरीक्षण कर मरम्मत की कार्यवाही शुरू करने के निर्देश दिए।
फसल नुकसान सत्यापन में लापरवाही पर कार्रवाई के आदेश
किसानों ने शिकायत की कि फसल नुकसान के सत्यापन में कई लेखपाल लापरवाही बरत रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने मौके पर ही संबंधित उपजिलाधिकारी को फोन कर जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दोषी लेखपालों पर कार्रवाई की जाए और उनकी जगह पर मेहनती एवं ईमानदार कर्मचारियों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए।