पीडीडीयू नगर। पंजीकरण के बगैर चल रहे ई-रिक्शा के खिलाफ परिवहन विभाग की ओर से अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। एक माह तक चले अभियान के दौरान कुल 393 ई-रिक्शा के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान काफी संख्या में ई-रिक्शा सीज किए गए। कई का चालान कर छोड़ दिया गया।
ड्राइविंग लाइसेंस के बगैर ई-रिक्शा चलाने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग सख्त हो गया है। बीते 23 मार्च को मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग के उच्चाधिकारियों के साथ बैठक कर अवैध रूप से संचालित ई-रिक्शा के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया था। इसी क्रम में परिवहन विभाग की ओर से एक अप्रैल से 30 अप्रैल तक विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभाग की ओर से 393 ई-रिक्शा के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इस दौरान विभाग की तरफ से जिले भर में 81 ई-रिक्शा सीज किए गए। दूसरी तरफ 312 ई-रिक्शा का चालान कर कुल 11.73 लाख रुपये वसूल किए गए। इस संबंध में एआरटीओ प्रशासन डॉ. सर्वेश गौतम का कहना है कि शासन के निर्देश पर एक माह तक विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की गई थी। वहीं लोगों की सुरक्षा को देखते हुए बिना वैध लाइसेंस के ई-रिक्शा के पंजीयन पर भी रोक लगाई गई है।