पीडीडीयू नगर तहसील क्षेत्र के महेवा गौरी माइनर पर बिना अनुमति किए गए अतिक्रमण के खिलाफ सिंचाई विभाग ने रविवार को सख्त कार्रवाई की। माइनर पर चार स्थानों पर किए गए अवैध निर्माणों को जेसीबी मशीन से हटवा दिया गया, जिससे पानी का प्रवाह बाधित हो रहा था और टेल क्षेत्र के किसानों को सिंचाई में दिक्कत हो रही थी।
एसडीओ तृप्ति सोनी के निर्देश पर अवर अभियंता मनोज कुमार पांडेय के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। विभाग के अनुसार कुछ लोगों ने माइनर पर बिना अनुमति पुलनुमा संरचनाएं और बड़े हजारा डाल दिए थे, जिससे पानी का प्राकृतिक प्रवाह प्रभावित हो रहा था। निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि माइनर से सभी प्रकार के अतिक्रमण हटाए जाएं। इसी क्रम में चार स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया। अवर अभियंता मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि नहर किसानों की सिंचाई के लिए है और इसके साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण करने पर संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।