शिकारगंज। बैराठ फॉर्म से जुड़े तमाम सवालों को लेकर कई महीनों से संघर्ष कर रहे भाकपा माले कार्यकर्ताओं का शुरू हुआ अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। धरनास्थल पर हुई सभा को संबोधित करते हुए भाकपा (माले) जिला स्थाई समिति सदस्य व चकिया ब्लाक सचिव विजई राम ने कहा कि बैराठ फॉर्म की जमीन का फर्जी मलिक बनकर लोग अधिया या पटवन के रूप में धनउगाही कर रहे हैं। धरना के दौरान एक व्यक्ति द्वारा धरनारत लोगों को धमकाने व अपमानित करने के मामले को लेकर कार्यकर्ताओं ने कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत की है। विजई राम ने कहा कि धरनारत लोगों को धमकाने वाले के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज होगा। इस मौके पर राम लगन चौहान, किशन बनवासी, लल्लन देवी, पार्वती वनवासी, शंकर राम सहित तमाम लोग बैठे रहे।