पीडीडीयू नगर। रेलवे स्टेशन के पास पान विक्रेता को गोली मारने के आरोपी और 25 हजार के इनामी गुड्डू पाठक ने शनिवार की शाम मुगलसराय थाना में सरेंडर कर दिया। शाम पांच बजे एसपी अंकुर अग्रवाल ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुड्डू ने थाने में आकर जुर्म कबूल किया और एक रिवाल्वर और तीन कारतूस पुलिस को सौंपे हैं।
रेलवे स्टेशन गेट पर पान विक्रेता जगदीश चौरसिया को 14 जून की रात 11 बजे गोली मार दी गई। एक गोली सिर को छूती हुई निकली जबकि दूसरी गोली पेट में फंस गई। वाराणसी के ट्रामा सेंटर में डॉक्टरों ने ऑपरेशन के बाद गोली निकाल दी। मुगलसराय थाने में गोधना निवासी गुड्डू पाठक के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। बताया गया था कि पैसे के लेनदेन में हुए विवाद में गोली मारी गई है। पुलिस गुड्डू की तलाश में लग गई। छह दिनों तक गुड्डू को पुलिस नहीं पकड़ पाई तो एसपी अंकुर अग्रवाल ने उसपर 25 हजार का इनाम घोषित कर दिया। पुलिस इनाम राशि बढ़ाने की तैयारी में थी । इसकी जानकारी होने पर गुड्डू पाठक ने शनिवार की शाम तीन बजे अधिवक्ता के साथ आकर मुगलसराय कोतवाली में सरेंडर कर दिया। एसपी ने बताया कि उसको हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।