चहनिया। बलुआ थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग को भगाने व उसके साथ दुष्कर्म किये जाने के आरोपी को बलुआ थाने की पुलिस ने बृहस्पतिवार को मारूफपुर से गिरफ्तार किया।
बलुआ थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली नाबालिग को नादी निधौरा का रहने वाला शुभम यादव बहला फुसलाकर अपने घर ले आया था। दो दिनों से उसने नाबालिग को अपने घर में रखा हुआ था। आरोप है कि इस दौरान उसने नाबालिग के साथ दुष्कर्म भी किया। खोजबीन के दौरान बुधवार को नाबालिग के परिवार वाले जब युवक के घर पहुंचे तो युवक मौके से फरार हो गया। इसके बाद पीड़िता के परिवार वालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
पीड़ित पक्ष से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को आरोपी युवक को मारूफपुर से गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में बलुआ थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी को गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया गया है।