नियामताबाद। बबुरी थाना क्षेत्र के बौरी पांडेयपुर माइनर के नाले में बृहस्पतिवार की सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाया। उसकी पहचान बौरी गांव निवासी अनिल यादव के रुप में हुई। परिवार वालों के अनुसार बुधवार की शाम वह घर से निकला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।
बबुरी थाना क्षेत्र के बौरी गांव निवासी रामनंदन यादव के चार पुत्रों में तीसरे नंबर का पुत्र अनिल यादव(40) मेडिकल स्टोर चलाते थे। परिजनों के अनुसार बुधवार की शाम वे बाइक से घर से कहीं निकल गए। रात को वापस नहीं लौटने पर परिवार वाले परेशान हो गये। उन्होंने अनिल के लापता होने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस और परिवार के लोग अभी युवक को ढूंढ ही रहे थे कि बृहस्पतिवार की सुबह उसका शव बौरी पांडेयपुर माइनर के नाले में मिला। वहीं नाले से कुछ ही दूरी पर उसकी बाइक भी खड़ी मिली। बाइक आगे से टूटी हुई थी।
शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार वालों समेत पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाया। इसके बाद पुलिस शव को थाने ले आई जहां आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। परिवार वालों हत्या की आशंका जताई है। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। उनकी पत्नी और एक पुत्र का रो-रोकर बुरा हाल है। बबुरी थानाध्यक्ष अतुल कुमार प्रजापति ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो पायेगा। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।