धानापुर। स्थानीय बस स्टैंड के समीप एक मई को गोली मारकर की गई राजकुमार उर्फ मुटुन यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने शनिवार को एक आरोपी अखिलेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया। अखिलेश पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
एक मई की शाम बदमाशों ने रायपुर निवासी राजकुमार यादव उर्फ मुटुन यादव की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मुटुन यादव के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इस मामले में अखिलेश सिंह निवासी शिवपुर थाना भभुआ कैमूर बिहार को भी आरोपी बनाया गया था। घटना के बाद से अखिलेश पुलिस की पकड़ से दूर था। पिछले दिनों पुलिस ने अखिलेश पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इस मामले का खुलासा करते हुए सीओ सकलडीहा रघुराज ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि अखिलेश इलाके में घूम रहा है और कहीं भागने की फिराक में है। इसके बाद सर्विलांस और धानापुर पुलिस की संयुक्त टीम ने घेरेबंदी कर अखिलेश को गिरफ्तार कर लिया। हत्या के मामले में एक आरोपी को आठ मई को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस तरह इस मामले में यह दूसरी गिरफ्तारी है। उन्होंने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।