पीडीडीयू नगर। सकलडीहा कोतवाली पुलिस ने बिहार में विभिन्न सरकारी विभागों में नौकरी दिलाने के नाम पर 50 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोपी अभिषेक सिंह उर्फ छोटू उर्फ संतोष सिंह को गिरफ्तार किया है।
सीओ सकलडीहा रघुराज ने बताया कि सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के देवरापुर गांव निवासी मनीष यादव ने तहरीर दी थी कि उनसे और अन्य तीन साथियों से वर्ष 2022-23 में बिहार में न्यायालय व अन्य विभागों में नौकरी लगवाने के लिए ठगी की गई है। बिहार के सारण जिले के काही जलालपुर थाना क्षेत्र के नूर नगर निवासी अभिषेक सिंह उर्फ छोटू उर्फ संतोष सिंह ने 29 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवाया। उसने 21 लाख रुपये नकद लेकर फर्जी जॉयनिंग लेटर और कूटरचित सर्विस बुक जारी कर धोखाधड़ी की थी। उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही थी। इसी मामले में बृहस्पतिवार को आरोपी संतोष को गिरफ्तार किया गया।