चंदौली। जिला अस्पताल के पैथोलॉजी चिकित्सक के स्थानांतरण के बाद पिछले एक महीने से एबीजी (आर्टेरियल ब्लड गैस) जांच नहीं हो रही है। इससे मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जो लोग बाहर से जांच कराकर आ रहे हैं उन्हीं का ऑपरेेशन हो पा रहा है।
मुख्यालय स्थित पं. कमलापति त्रिपाठी जिला चिकित्सालय के एबीजी जांच केंद्र में दो चिकित्सकों की नियुक्ति है। इसमें से एक का स्थानांतरण एक महीने पहले सोनभद्र हो गया है। वहीं दूसरे चिकित्सक को वाराणसी से अटैच किया है। जिससे एबीजी जांच की व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो गई है। इस टेस्ट से मरीज के शरीर के ब्लड की अम्लता या पीएच और ऑक्सीजन के स्तर के साथ मरीज के फेफड़ों में सीओ-2 की मात्रा कितनी है, यह पता चलता है। जिसके बाद ऑपरेशन और इलाज होता है। इस महत्वपूूर्ण जांच के न होने से मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिला अस्पताल के पैथोलॉजी के चिकित्सक का स्थानांतरण दूसरे जनपद में हो गया है। इससे एबीजी की जांच प्रभावित है। एक चिकित्सक का अटैचमेंट वाराणसी में हुआ है, लेकिन सरकार की ओर से सभी लोगों का अटैचमेंट निरस्त कर दिया गया है। उम्मीद है कि शासन की ओर से जल्द ही अटैचमेंट के चिकित्सक अपना कार्यभार अपने मूल पद पर पहुंचकर संभाल लेंगे। इससे समस्या का समाधान होने की पूरी संभावना है।
-डॉ. उर्मिला सिंह, सीएमएस, जिला अस्पताल चंदौली