चंदौली। आशा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को विकास भवन के समीप विभिन्न मांगों के समर्थन में धरना दिया। लोगों ने सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। चेताया कि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को तेज करेंगी। इसके बाद कलेक्ट्रेट पहुंच डीएम को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अफसर को सौंपा।
आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख योजनाओं के प्रचार-प्रसार के साथ महिलाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा करना उनकी जिम्मेदारी है। कोरोना काल में भी आशा कार्यकर्ताओं ने जान को जोखिम में डालकर कार्य किया है। कहा कि संगठन के माध्यम से शासन को प्रस्ताव भेजा गया था कि उन्हें 18 हजार रुपये तथा आशा सहयोगी को 24 हजार रुपये मासिक मानदेय दिया जाय। कहा कि पांच लाख का दुर्घटना बीमा, सेवानिवृत्त होने पर पांच लाख एकमुश्त, आशा को एएनएम के पद पर प्रोन्नति किया जाय। इस दौरान विजय लक्ष्मी, प्रमिला, इंद्रा देवी, रेशमा, विमला, सुशीला, संतरी देवी, रेखा, नीलम, सुमन उपस्थित रही।