कंदवा। क्षेत्र के दैथा गांव में बृहस्पतिवार को दोपहर करीब तीन बजे कर्मनाशा नदी में आई बाढ़ से डूबे धान की फसल देखने गया युवक पानी में डूब गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला और नवीन पीएचसी सैयदराजा ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
दैथा गांव निवासी स्व. सुदेश्वर पांडेय का पुत्र रामदेव पांडेय (20) कर्मनाशा की बाढ़ में डूबे अपने खेत देखने गया था। खेत के पास अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। युवक को डूबता देख आसपास मौजूद लोग पहुंचे और काफी प्रयास के बाद उसे बाहर निकाला। इसके बाद उसे नवीन पीएचसी सैयदराजा ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मां और भाई के विलाप से लोगों की आंखों नम हो गईं। घटना की जानकारी पाकर सैयदराजा विधायक सुशील सिंह भी पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। इस संबंध में थानाध्यक्ष विनोद कुमार अंचल ने बताया कि पानी में डूबने से युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।