पीडीडीयू नगर। छित्तमपुर गांव के समीप पीडीडीयू नगर-रामनगर मार्ग पर शनिवार को ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार युवक की मौत हो गई। वह वेंडर का काम करता था और मेडिकल बनवाने के लिए पीडीडीयू जंक्शन जा रहा था। ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद ग्रामीण शव सड़क पर रखकर मुआवजे की मांग करने लगे। मौके पर पहुंचे एसडीएम अनुपम मिश्रा और सीओ राजीव सिसौदिया ने जल्दी मुआवजा की राशि खाते में स्थानांतरित करने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग शांत हुए।
अलीनगर थाना क्षेत्र के खजूर गांव निवासी तिलकू चौहान (31) पीडीडीयू जंक्शन पर वेंडर का काम करते थे। शनिवार को वेंडर के लाइसेंस के लिए मेडिकल बनवाने वे साइकिल से पीडीडीयू जंक्शन जा रहे थे। रास्ते में वे छित्तमपुर गांव के समीप पीडीडीयू नगर की ओर से बालू गिराकर आ रहे ट्रक की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर परिवार के लोगों के अलावा जिला पंचायत सदस्य अजीत यादव भी मौके पर पहुंच गए और ट्रक ड्राइवर को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। इसके बाद ग्रामीण शव सड़क पर रखकर मुआवजा की मांग करने लगे। जानकारी पर पहुंचे एसडीएम अनुपम मिश्रा और सीओ राजीव सिसौदिया ने 24 घंटे के अंदर मुआवजा की राशि परिवार के खाते में भेजवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग माने। घटना से तिलकू की पत्नी चमेली और मां रेशमा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। तिलकू से दो बेटियां आंचल (12) व गुड़िया (10) के अलावा एक बेटा गोलू (13) है। लेखपाल वीरेंद्र ने बताया कि पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये दुर्घटना बीमा और 30 हजार रुपये समाज कल्याण विभाग की ओर से दिया जाएंगे। सीओ राजीव सिसौदिया ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।