चकिया। क्षेत्र के पीतपुर गांव के पास बृहस्पतिवार को पत्नी के साथ ससुराल से लौट रहे मुबारकपुर गांव निवासी सरफराज (30) की पिकअप की टक्कर से मौत हो गई। हादसे में पत्नी घायल हो गई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सरफराज पत्नी नजमा के साथ सैयदराजा अपनी ससुराल गया था। बृहस्पतिवार को वह अपनी पत्नी के साथ बाइक से अपने गांव मुबारकपुर लौट रहा था। पीतपुर गांव के पास तेज रफ्तार मालवाहक ने उसकी बाइक पर जोरदार टक्कर मारकर गड्ढे में पलट गया। हादसे में बाइक सवार सरफराज की मौके पर मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल नजमा को जिला संयुक्त अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।