श्रमिकों को लेकर जा रही श्रमिक स्पेशल ट्रेन से बुधवार को पीडीडीयू नगर स्टेशन के यार्ड में एक युवक कूद गया। हालांकि तलाश के बाद युवक को पकड़ लिया गया और उसे क्वारंटीन कर दिया गया। बिहार के बक्सर निवासी संदीप (20) पुत्र परमेश्वर शाह गुजरात में काम करता है। लॉकडाउन की वजह से वह फंस गया। बुधवार को दरभंगा निवासी बताकर ट्रेन में सवार हो गया।
गृह मंत्रालय के निर्देश पर लॉकडाउन में महानगरों में फंसे श्रमिकों की घर वापसी के लिए श्रमिक स्पेशल ट्रेनों का संचालन जारी है। बुधवार को विभिन्न औद्योगिक शहरों से बिहार के विभिन्न शहरों के लिए 10 ट्रेनें गईं। ट्रेनों के पीडीडीयू नगर स्टेशन पर पहुंचने पर वाणिज्य विभाग के सहयोग से आईआरसीटीसी ने यात्रियों को पानी के बोतल और फूड्स पैकेट दिए।
लॉकडाउन के दौरान दिल्ली, मुंबई, गुजरात, दक्षिण राज्यों के विभिन्न इलाकों में काम करने गए मजदूर और छात्र, पर्यटक फंस गए हैं। इनकी वापसी के लिए रेलवे स्पेशल ट्रेनें चला रहा है। राज्यों की मांग पर सिर्फ दो स्टेशनों के मध्य ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को भी विभिन्न शहरों से दस ट्रेनें स्थानीय स्टेशन होते हुए गुजरीं।