पीडीडीयू नगर। नई दिल्ली से राजेंद्र नगर जा रही डाउन संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान एक युवक की मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर स्थानीय रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।।
बिहार के गया जिले के अलीपुर थाना क्षेत्र के उल्ले गांव निवासी चांझी कुमार (23) पुत्र कमलेश नई दिल्ली में किसी फैक्टरी में काम करते थे। वे सोमवार को डाउन संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस से अपने साथी गोलू निवासी ककरिया जहानाबाद बिहार के साथ घर लौट रहे थे। ट्रेन में मंगलवार को भोर में करीब तीन बजे पीडीडीयू जंक्शन के प्लेटफाॅर्म नंबर तीन पर पहुंची। यहां ट्रेन से उतरते ही चांझी की तबीयत खराब होने लगी। इसकी सूचना गोलू ने जीआरपी को दी। मौके पर जीआरपीकर्मी पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। जीआरपी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि यात्रा के दौरान युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।