पीडीडीयू नगर। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार की रात करीब साढ़े 12 बजे एक युवक प्लेटफाॅर्म नंबर तीन पर खड़ी एसएमवीटी-बंगलूरू सुपरफास्ट ट्रेन की छत पर चढ़ गया। इससे स्टेशन पर मौजूद यात्रियों की भीड़ जुट गई। युवक करंट की चपेट में न आ जाए, इसके लिए लोग शोर मचाने लगे। आरपीएफ ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद उसे नीचे उतारा। इसके बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई।
पाटलिपुत्र से एसएसवीटी बंगलूरू जा रही अप 22351 सुपरफास्ट शनिवार की रात लगभग साढ़े 12 बजे पीडीडीयू जंक्शन के प्लेटफाॅर्म संख्या तीन पर पहुंची। यात्री ट्रेन पर सवार हो रहे थे। ट्रेन में ज्यादा भीड़ थी। इसी बीच एक युवक ट्रेन की छत पर पहुंच गया। ट्रेन की छत से 25 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार गुजरा है। स्लीपर कोच एस-2 की छत पर पहुंचे युवक पर यात्रियों की नजर पड़ी तो दुर्घटना की आशंका से वे शोर मचाने लगे। सभी युवक को छत पर लेटने को कहने लगे। इस पर बिना शर्ट पहना युवक लेट गया। यात्रियों की सूचना पर आरपीएफ, वाणिज्य विभाग के अधिकारी और जीआरपी मौके पर पहुंच गई। आरपीएफ निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत ने युवक को समझाने का प्रयास किया। इसके बाद कंट्रोल को सूचना दी गई। ओएचई वायर की लाइन काटी गई। इसके बाद सीढ़ी लगाकर प्रदीप कुमार रावत स्वयं छत तक पहुंचे और युवक को समझाकर नीचे उतारा। इसके बाद लगभग दो घंटे बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। आरपीएफ निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत ने बताया कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसे समझाकर छत से नीचे उतारा गया।