नियामताबाद। आलू मिल नई बस्ती के समीप स्थित काली मंदिर और डीह बाबा मंदिर के पास रविवार को देर रात एक तांत्रिक कुछ युवतियों के साथ तंत्र साधना कर रहा था। इस दौरान नरबलि की आशंका पर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को समझाकर शांत कराया। पुलिस के अनुसार मामला नरबलि का नहीं, बल्कि राह बाबा की पूजा से जुड़ा था।
लोगों के अनुसार देर रात एक तांत्रिक कुछ युवतियाें, एक बकरे और एक तीन वर्षीय बच्ची के साथ तंत्र साधना की तैयारी कर रहे थे। बच्ची की मौजूदगी और बलि की आशंका से ग्रामीण आक्रोशित हो गए। लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया और तांत्रिक व अन्य लोगों को घेर लिया। सूचना पर अलीनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। इस संबंध में अलीनगर थाना प्रभारी व निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा का कहना है कि पड़ोस के ही एक व्यक्ति के घर वैवाहिक कार्यक्रम होना है। इसके लिए वह पारंपरिक पूजा करने पहुंचा था। मामले की जांच की जा रही है।