शहाबगंज। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बृहस्पतिवार को बायापुर गांव पहुंचकर अतिक्रमण मुक्त कराई गई करीब 22 बीघा भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने जमीन की घेराबंदी कर खेल मैदान बनाने का निर्देश खंड विकास अधिकारी दिनेश सिंह को दिया। डीएम ने कहा कि सरकारी भूमि का उपयोग जनहित में किया जाए, ताकि युवाओं को खेलकूद की बेहतर सुविधा मिल सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भूमि की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण से मुक्त कराई गई जमीन की घेराबंदी और सुरक्षा व्यवस्था की जाए। खेल मैदान विकसित होने से गांव के युवाओं और बच्चों को खेल गतिविधियों के लिए बेहतर स्थान मिल सकेगा। इसके बाद जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण किया।
उन्होंने विद्यालय में छात्राओं को मिलने वाली सुविधाओं, भोजन, आवास, पढ़ाई और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कक्षा आठ की छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं भी जानीं। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी विकास मित्तल, डीसी मनरेगा रविंद्र चतुर्वेदी, बीडीओ दिनेश सिंह, ग्राम प्रधान राम प्रसाद, वार्डन सुनीता पांडेय समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।