पीडीडीयू नगर/इलिया। चकिया विधान सभा के चकिया-चंदौली मुख्य मार्ग को जोड़ने वाले मार्ग पर बड़गांवा गांव के पास नाले पर पुलिया का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए पीडब्ल्यूडी के निर्माण खंड की ओर से 1.20 करोड़ रुपये की कार्ययोजना शासन को भेजी गई है। पुलिया बनने से करीब 10 गांवों के लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी।
नाले पर पुलिया नहीं होने के कारण ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों को करीब दो किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय कर दूसरे रास्ते से जाना पड़ता है। बरसात के दिनों में नाले में पानी भर जाने से समस्या और बढ़ जाती है। पानी सड़क पर बहने लगता है जिससे राहगीरों के साथ स्कूली बच्चों और मरीजों को भी आवागमन में खतरा बना रहता है। ग्रामीण लंबे समय से नाले पर पुलिया निर्माण की मांग कर रहे थे।
ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए चकिया विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक कैलाश आचार्य ने पहल की। इसके बाद पीडब्ल्यूडी ने पुलिया निर्माण के लिए 1.20 करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजी है। पुलिया निर्माण की मांग करने वालों में विनोद कुमार, मिथिलेश कुमार, रतीश कुमार, इबरार अली, सोनू कुमार, बाबू चौहान, मो. इमरान, सुरेंद्र कुमार और नवीन कुमार समेत अन्य शामिल रहे।
इनसेट.......
इन गांवों को मिलेगा फायदा
पुलिया का निर्माण होने के बाद बड़गांवा, ठेकहा, शहाबगंज, चकिया, शहाबगंज थाना रोड, पचवनिया समेत आसपास के करीब 10 गांवों के लोगों को इसका लाभ मिलेगा। इससे न केवल ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा होगी, बल्कि स्कूली बच्चों, मरीजों और रोजाना आने-जाने वाले राहगीरों को भी राहत मिलेगी। ग्रामीणों ने शासन से जल्द कार्ययोजना को मंजूरी देकर धनराशि अवमुक्त करने की मांग की है, ताकि पुलिया निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ सके।
कोट.......
बड़गांवा गांव के पास नाले पर पुलिया निर्माण के लिए कार्ययोजना बनाकर शासन को भेजी गई है। मंजूरी और बजट मिलने के बाद पुलिया का निर्माण कराया जाएगा। - कृष्ण कुमार, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी, निर्माण खंड, चंदौली।