नियामताबाद। जफरपुर पुलिस चौकी के अंतर्गत जीवधिपुर में विद्युत निगम की ओर से स्वीकृत नए बिजली उपकेंद्र के भवन के लिए हो रही जमीन की पैमाइश के दौरान बृहस्पतिवार की दोपहर संविदा पर कार्यरत लाइनमैन और लेखपाल के बीच मारपीट हो गई। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मौजूद अधिकारियों ने दोनों पक्षों को अलग किया। वहीं लाइन मैन ने इस संबंध में जफरपुर पुलिस चौकी में तहरीर दी है। इसके आधार पर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
जीवधिपुर में बिजली निगम की ओर से नए बिजली उपकेंद्र की मंजूरी मिली है। बृहस्पतिवार को बिजली उपकेंद्र निर्माण के लिए भूमि की पैमाइश की जानी थी। इसके लिए दोपहर में विद्युत निगम के अधिकारियों की टीम के साथ राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। यहां भूमि की पैमाइश शुरू की गई। पुलिस को दी तहरीर में संविदा पर तैनात लाइनमैन सुनील द्विवेदी ने बताया कि नापी के दौरान वे फीता पकड़कर आगे चल रहे थे। खेत में कीचड़ की वजह से फीता गिर गया। इस पर लेखपाल ने लाइन मैन से गाली गलौज शुरू कर दी। इस पर दोनों में मारपीट हो गई। मौके पर मौजूद विद्युत निगम के अधिकारियों ने बीच बचाव किया। दोनों पक्षों को अलग किया। संविदा कर्मी लाइनमैन सुनील द्विवेदी ने जफरपुर पुलिस चौकी पर लेखपाल के खिलाफ तहरीर दी है। सुनील द्विवेदी ने मामले की जांच कर लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं लेखपाल सुजीत यादव ने कहा कि किसी के साथ मारपीट नहीं हुई है, आरोप निराधार है। इस संबंध में एसडीओ अमर सिंह ने कहा कि बृहस्पतिवार को नये सब स्टेशन के लिए जीवधिपुर में भूमि की पैमाइश राजस्व विभाग के लेखपाल सुजीत यादव की ओर से किया जा रहा था। इसी बीच किसी बात को लेकर लेखपाल, लाइनमैन के साथ मारपीट करने लगे। बीच-बचाव कर मामले को शांत किया गया। अलीनगर थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय ने कहा कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।