नियामताबाद। ब्लॉक के मिल्कीपुर, ताहिरपुर और मिर्जापुर जिले के रसूलागंज और छोटा मिर्जापुर गांवों में बंदरगाह के प्रस्तावित विस्तारीकरण और फ्रेट विलेज परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण का ग्रामीणों का विरोध जारी है। शनिवार की देर शाम ग्रामीणों ने जन पंचायत कर अपनी नाराजगी जाहिर की और परियोजना को रद्द करने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना था कि संबंधित गांवों की करीब 60 फीसदी आबादी माझी समाज से है, जो मछली पकड़ने और नाव संचालन तक अपनी आजीविका चलाते हैं। यदि भूमि अधिग्रहण की गई तो उनकी आजीविका छिन जाएगी और उनके परिवार के सामने संकट पैदा हो जाएगा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि वे किसी भी कीमत पर अपनी जमीन बंदरगाह या फ्रेट विलेज परियोजना के लिए नहीं देंगे। जन पंचायत में ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और परियोजना को अविलंब रद्द करने की मांग दोहराई। आरोप लगाया कि प्रशासन ने उनकी सहमति के बगैर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की है। चेतावनी दी कि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।