पीडीडीयू नगर/सकलडीहा। स्थानीय बिजली उपकेंद्र पर आधारित गांवों में ट्रिपिंग की समस्या अब नहीं होगी। पचखरी गांव में पांच एमबीए का नया विद्युत उपकेंद्र बनकर तैयार हो गया है। इससे अनियमित बिजली कटौती से निजात मिलेगी। बृहस्पतिवार को अधिकारियों ने गांवों में बिजली आपूर्ति शुरू कर व्यवस्था की जांच की।
स्थानीय बिजली उपकेंद्र के दूसरे फीडर से क्षेत्र के नईबाजार, महेसुआ, नरायनपुर, नरैना, पीथापुर, पौरा, दिवाकरपुर, तुलसी आश्रम, बाकरपुर, पौनी, पचखरी, नदरा, कवरूआ सहित डेढ़ दर्जन गांवों में बिजली आपूर्ति होती है। आपूर्ति क्षेत्र लंबा होने की वजह से गांवों में आए दिन ट्रिपिंग की समस्या आती है। इसको लेकर कई बार धरना प्रदर्शन और आंदोलन किया गया। इस समस्या को देखते हुए बाद में एक्सईएन आशीष सिंह ने पांच एमबीए के उपकेंद्र बनाने का प्रस्ताव दिया। 350 लाख रुपये की लागत से पचखरी में पांच एमबीए की विद्युत उपकेंद्र बनकर तैयार हो गया है। बृहस्पतिवार की दोपहर में नए उपकेंद्र से गांवों में बिजली आपूर्ति कर व्यवस्था की जांच की गई। इसमें सबकुछ ओके मिला। इसके बाद जल्द ही नियमित बिजली आपूर्ति शुरू की जाएगी। इस संबंध में अभियंता मनोज पटेल ने बताया कि पचखरी गांव में नया सब स्टेशन से बिजली आपूर्ति की जांच की गई है। नियमित बिजली आपूर्ति किए जाने से लोगों को बिजली की ट्रिपिंग की समस्या से निजात मिलेेगी।
सकलडीहा। स्थानीय बिजली उपकेंद्र से जुड़े सेकेंड फीडर में ज्यादा गांव होने के कारण अक्सर बिजली कटौती झेलनी पड़ती थी। लेकिन नया कवरुआ सब स्टेशन बन जाने से समस्या का समाधान हो गया है। भाई राम ने बताया कि अब बिजली कटौती से निजात मिल जाएगी। काफी लंबी दूरी के कारण अक्सर लो वोल्टेज की समस्या होती थी। अनूप पाठक कहते हैं कि बिजली समस्या जो होती थी अब दूर हो जाएगी। नया सब स्टेशन से दर्जनों गांव को फायदा होगा। इसका इंतजार काफी समय से चल रहा था। प्रेम कुमार ने कहा है कि सकलडीहा बिजली उपकेंद्र का आखिरी छोर होने के कारण बिजली बहुत कटौती होती थी लेकिन अब समस्या से छुटकारा हो गया है। दीनबंधु दीनानाथ ने बताया कि सेकेंड फीडर में कब बिजली मिल पाती थी। लेकिन अब अच्छी बिजली मिलेगी।