उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज और घंटों की कटौती से राहत देने के लिए विभाग लगभग नौ करोड़ रुपये की लागत से 33 हजार वोल्ट की नई हाईटेंशन लाइन तैयार कराने जा रहा है। यह लाइन साहुपूरी पावर हाउस से निकलकर सूजाबाद और चंदासी उपकेंद्रों से सीधे जुड़ जाएगी।
इस परियोजना के पूरा होने के बाद करीब दो लाख से अधिक उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। इसमें पीडीडीयू नगर के अलावा 25 गांव शामिल हैं। फिलहाल साहुपूरी पावर हाउस से केवल एक 33 हजार वोल्ट की लाइन के जरिए सूजाबाद और चंदासी उपकेंद्रों को आपूर्ति की जाती है।
सूजाबाद उपकेंद्र की लाइन पूरी तरह अंडरग्राउंड है। खराबी आने पर 15 हजार उपभोक्ताओं की आपूर्ति बाधित हो जाती है और घंटों परेशानी झेलनी पड़ती है। वहीं, चंदासी उपकेंद्र पर गर्मियों में लोड इतना अधिक बढ़ जाता है कि यहां 500 एंपीयर तक खपत पहुंच जाती है।
नतीजतन विभाग को बार-बार रोस्टिंग करनी पड़ती है। लगातार ओवरलोडिंग, फॉल्ट और ट्रिपिंग की समस्या बनी रहती है। ग्रामीण क्षेत्रों में तो स्थिति और भी बदतर हो जाती है, जहां उपभोक्ताओं को रोजाना कई-कई घंटे बिजली से वंचित रहना पड़ता है।
-
नई लाइन से मिलेगा स्थायी समाधान
नई लाइन बनने के बाद दोनों उपकेंद्रों का लोड संतुलित हो जाएगा। फॉल्ट या ट्रिपिंग की स्थिति में आपूर्ति बनाए रखने के लिए अब वैकल्पिक लाइन उपलब्ध होगी। इससे बार-बार होने वाली बाधाओं से मुक्ति मिलेगी और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। इससे न सिर्फ घरेलू उपभोक्ताओं को फायदा होगा, बल्कि दुकानदारों, कारोबारियों और किसानों को भी पर्याप्त बिजली मिल सकेगी। संवाद
-
इन क्षेत्रों को मिलेगा लाभ
सूजाबाद उपकेंद्र से जुड़े पड़ाव, सूजाबाद, मडिया, बहादुरपुर, करवत, सीतापुर, डांडी, न्यू डांडी, जलीलपुर, चौरहट, बिहारी कालोनी, तीन अपार्टमेंट, पड़ाव बाजार, भोपौली मार्ग और जीटी रोड के उपभोक्ताओं को सीधा लाभ होगा। चंदासी उपकेंद्र से दुलहीपुर, दुलहीपुर बाजार, महाबलपुर, बगही, चादनी मार्केट, मलोखर, भीसौड़ी, सतपोखरी, प्लाट, हुशैनाबाद, चंदासी, हरिशंकरपुर, लेडुआ पर, अमोगपुर, भोगवारे हॉस्पिटल और पीडीडीयू नगर के उपभोक्ता लाभान्वित होंगे।
33 हजार वोल्ट की नई हाईटेंशन लाइन की इस परियोजना का टेंडर पूरा हो चुका है और जल्द ही कार्य प्रारंभ होगा। -सुनील कुमार यादव, अधिशासी अभियंता, विद्युत निगम
-
दूसरी लाइन बनने से उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज और विद्युत कटौती की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी। -मनोज कुमार कश्यप, उपखंड अधिकारी, विद्युत निगम