मुगलसराय कोतवाली के रौना गांव के पास गंगा नदी के किनारे रविवार की सुबह एक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव के शिनाख्त की कोशिश की लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
क्षेत्र के रौना गांव के समीप लोग गंगा स्नान करने गए थे। इसी बीच नदी के तट पर व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव देखकर सन्न रह गए। व्यक्ति की आयु करीब 50 वर्ष बताई जा रही है। वह हाफ पैंट, टी शर्ट पहने था और गले में रुद्राक्ष की माला थी। लाेगों की सूचना पर मौके पर पहुंची फील्ड यूनिट टीम और पुलिस ने शव को गंगा नदी से बाहर निकलवाया। आसपास के लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन मृतक की शिनाख्त नहीं हुई। शव का हाथ-पंजा, पैर का कुछ हिस्सा और चेहरा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। इससे पहचान कर पाना मुश्किल हो रहा है। इस संबंध में मुगलसराय कोतवाली प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह ने बताया कि पहली नजर में लग रहा है कि शव एक सप्ताह पुराना है। उसकी मौत कहीं और हुई है और शव बहकर यहां आ गया है। कहा कि आसपास के थानों में इसकी सूचना दी गई है और गुमशुदा लोगों की जांच की जा रही है।