हाफ एनकाउंटर में घायल आरोपी उपचार के लिए लेकर जाती बैरिया पुलिस। पुलिस विभाग
बैरिया। थाना बैरिया क्षेत्र में पिकअप से शराब लूटने के मुख्य आरोपी एवं 25 हजार के इनामी चेंपू राठौर निवासी सावन छपरा को पुलिस ने बुधवार की रात मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। उसके पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। बदमाश के पास से तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी कृपाशंकर ने बताया कि 13 सितंबर को बैरिया स्थित शराब गोदाम से लालगंज स्थित कंपोजिट शराब की दुकान पर पिकअप से शराब की खेप भेजी गई थी। ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के पास असलहे के बल पर बदमाशों ने शराब लूट ली, पिकअप भी लेकर चले गए। अनुज्ञापी की तहरीर पर पुलिस ने आठ बदमाशों पर मुकदमा दर्ज कर लिया।
अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी में पुलिस की टीम खोजबीन व दबिश दे रही थी। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को बैरिया-दोकटी सोनबरसा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे ओवरब्रिज के पास पुलिस टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान एक मोटरसाइकिल आता देख तलाशी के लिए चालक को रुकने का इशारा किया। मोटरसाइकिल चालक बिना रुके तेजी से भागने लगा।
इस दौरान उसने घिरता देखकर पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसे सीएचसी सोनबरसा भेजा। चिकित्सक ने जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
सीओ फहीम कुरैसी ने बताया कि मुठभेड़ में चेंपू उर्फ अभि राठौर निवासी सावन छपरा थाना दोकटी को गिरफ्तार किया गया है। इसके खिलाफ शराब लूटने के अलावा तीन मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी का चालान कर दिया गया है।