चकिया। स्थानीय नगर पंचायत के वार्ड नंबर नौ विभूति नगर के पूर्वी बाजार में सोमवार की दोपहर में शार्ट सर्किट से हेमंत केसारी के इलेक्ट्रानिक की दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप पकड़ लिया। आग से दुकान में रखे लाखों रुपये मूल्य के सामान जल गया। नगर पंचायत और अग्नि शमन दल के कर्मियों ने तीन घंटे के प्रयास कर आग पर काबू पाया। इससे आस पास के अन्य दुकानों तक आग नहीं पहुंची।
नगर पंचायत के वार्ड नंबर नौ विभूति नगर के क्रय विक्रय सहकारी समिति के पास हेमंत केसरी उर्फ बबलू केसरी अपने दो मंजिला मकान के निचले हिस्से में न्यू केसरी इलेक्ट्रानिक के नाम से दुकान खोला है। वे दूसरे तल पर परिवार के साथ निवास करते हैं। दुकान में फ्रीज, कूलर, पंखा टीवी सहित इलेक्ट्रॉनिक के तमाम समान थे। जिनकी कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई गई है। इस घटना से दुकानदार सदमे में आ गया है। तबीयत खराब होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सोमवार को लॉकडाउन के चलते दुकान बंद होने पर दुकान स्वामी हेमंत केशरी परिवार के साथ दूसरे तल पर परिवार व बच्चों के साथ दोपहर ने आराम कर रहे थे। इसी दौरान मकान के पिछले भाग से तेज आग की लपटों के साथ धुआं दिखा। इस पर घर से गैस सिलेंडर की टंकी सड़क पर निकाल जान बचाते हुए घर से बाहर निकल गए। देखते ही देखते आग की लपटे विकराल रूप धारण कर ली। दुकान में रखा इलेक्ट्रॉनिक सामान धू धू कर जलने लगा। आग से आस-पास घर के लोग भी प्रभावित हो गए। घर को छोड़ लोग बाहर निकल आए। सड़क पर व्यापारियों की भारी भीड़ जमा हो गई। नगर पंचायत मिनी फायर ब्रिगेड और अग्निशमन दल के जवानों के अथक प्रयास से लगभग तीन घंटे बाद आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रीति त्रिपाठी ने कहा कि आशंका है कि शार्ट सर्किट से दुकान में आग लगी है। घटना की जांच गंभीरता से की जाएगी।