सत्यभामा श्रीवास्तव, फाइलफोटो, औद्योगिक क्षेत्र में मृत मिली
नियामताबाद। मुगलसराय कोतवाली के औद्योगिक नगर चौकी अंतर्गत वीवीडीए कॉलोनी में शनिवार की रात किराए के कमरे से महिला का सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी फैल गई। कमरे से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो अंदर महिला का शव पड़ा मिला। शव कई दिन पुराना होने के कारण बुरी तरह सड़ चुका था। महिला की पहचान सत्यभामा श्रीवास्तव (58) के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
सत्यभामा श्रीवास्तव रामनगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक निजी बिस्कुट कंपनी में काम करती थीं। वह वीवीडीए कॉलोनी में किराए के कमरे में अकेले रहती थीं। उन्हें आखिरी बार 20 अक्तूबर को देखा गया था। इसके बाद वह कहीं दिखाई नहीं दीं। शनिवार को उनके कमरे से तेज दुर्गंध उठने लगी तो आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। पड़ोसियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा खुलवाया तो अंदर महिला का शव मिला। शव की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि मौत कई दिन पहले हुई होगी।
पुलिस के अनुसार, सत्यभामा श्रीवास्तव का मायका जौनपुर जिले के बदलापुर थाना क्षेत्र के लेधुका बाजार में है। करीब 30 वर्ष पहले उनकी शादी सुल्तानपुर जिले के कोइरीपुर गांव में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही उनके पति की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद वह मायके लौट आईं। रोजगार की तलाश में औद्योगिक नगर क्षेत्र में रहने लगीं और एक बिस्कुट कंपनी में काम करके अपना जीवनयापन कर रही थीं। वह किराए के कमरे में अकेले रहती थीं।
उनकी मौत की खबर मिलने के बाद परिजनों में शोक छा गया। सूचना मिलने पर औद्योगिक नगर चौकी प्रभारी सूरज रावत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के परिजनों को भी सूचना दी गई, जिसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए।
महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। सीओ पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि कमरे में महिला की लाश मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।