क्षतिग्रस्त पुलिया। स्रोत:-जागरूक पाठक
पीडीडीयू नगर/इलिया। चकिया विधानसभा के खरौझा संपर्क मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया के स्थान पर अब नई पुलिया का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए पीडब्ल्यूडी ने करीब एक करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया है। पुलिया बनने से करीब 10 गांव के लोगों को सहूलियत होगी।
खरौझा में राइट नहर पर 25 साल पहले पुलिया का निर्माण कराया गया था। यह पुलिस लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। पुलिया की रेलिंग, पिलर और रैंप जर्जर हो चुके हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। बरसात के मौसम में रैंप पर फिसलन बढ़ जाती है। यह पुलिया बनरसिया और मालदह होते हुए जिले को बिहार जाने वाले मार्ग से जोड़ती है। ग्रामीणों की मांग पर पीडब्ल्यूडी के प्रांतीय खंड ने नई पुलिया की कार्ययोजना बनाकर शासन को भेज दी है।
इनसेट.......
बिहार आने-जाने में होगी सहूलियत
नई पुलिया बनने से खरौझा, बनरसिया, बेन, तियरी, सरैया, बसाढ़ी सहित करीब 10 गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। यह पुलिया बिहार जाने वाले मार्ग का प्रमुख हिस्सा है। पुलिया बनने के बाद आवागमन और व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
कोट.......
खरौझा संपर्क मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया के स्थान पर नई पुलिया बनाने की कार्ययोजना शासन को भेज दी गई है। शासन से मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। - कृष्ण कुमार, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी, निर्माण खंड, चंदौली।