चकिया/शिकारगंज। क्षेत्र के लतीफशाह में बुधवार को आयोजित मेले में गंगा-जमुनी तहजीब की झलक देखने को मिली। एक ही परिसर में स्थित लतीफशाह की मजार पर जायरीन ने चादरपोशी और दुआख्वानी की। वहीं, श्रद्धालुओं ने बनवारी दास की समाधि का दर्शन-पूजन किया।
पीतपुर गांव में कर्मनाशा नदी के कछार पर स्थित बाबा लतीफशाह की मजार, सैय्यद शाह अजमेरी की मजार और बाबा बनवारी दास की समाधि हिंदू-मुस्लिम एकता और आपसी भाईचारे का प्रतीक बनी हुई हैं। मेले में वाराणसी, सोनभद्र, चंदौली, मिर्जापुर और बिहार से बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचे। जायरीनों ने बाबा की मजार पर चादर चढ़ाकर मांगी दुआ।
वहीं बाबा बनवारी दास की समाधि पर भी श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। मेले में चाट-पकौड़ी, गुड़हिया जलेबी का स्वाद चखा तो विसातबाने, घरेलू सामान, खिलौने आदि की खरीदारी की। मेले में एसडीएम विकास मित्तल, सीओ अजीत सिंह चौहान और प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह सहित कई थानों की पुलिस और पीएसी तैनात रही।