पीडीडीयू नगर में दुकान पर सजे गर्म कपड़े। संवाद
पीडीडीयू नगर। जिले के गर्म कपड़ों के व्यापारी व बाहर से आकर दुकान लगाने वालों को इस बार मौसम का साथ नहीं मिल रहा है। दिसंबर में सुबह और शाम की सामान्य ठंड पड़ रही है। ऐसे में लोग गर्म कपड़ों की खरीदारी में लोग अधिक दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं।
इस सीजन में कारोबार को उम्मीद के अनुसार उछाल नहीं मिल पा रहा है। जबकि दुकानदारों ने शॉल, स्वेटर, जैकेट का स्टॉक तो जमा कर लिया है। बड़े कपड़ा व्यवसायी राकेश यादव ने बताया कि यहां कपड़े की छोटी बड़ी 300 दुकानें हैं। व्यापारियों ने जिले में 30 करोड़ रुपये के गर्म कपड़ों स्टॉक ठंड के चलते दुकानों में भर लिया है। वहीं दूसरी तरफ मौसम वैज्ञानिकों ने भी पूर्वी उत्तर प्रदेश में ठंड को लेकर अभी तक कोई चेतावनी जारी नहीं की है। दिसबंर की शुरुआत हो चुकी है। अभी तक ठंड ने अपना वो असर नहीं दिखाया जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड का एहसास हो सके। दिन मेंं तापमान 23 से 25 डिग्री तक रह रहा है। तापमान मेंं गिरावट नहीं होने से कपड़ा दुकानदारों के चेहरे उतरे हुए हैं। सीजन में कारोबार नहीं होने मान के डंप होने की आशंका भी दुकानदारों के मन में घर कर गई है।
इनसेट
अभी 20 फीसदी माल भी नहीं बिका
कपड़ा व्यवसायी राकेश यादव ने बताया कि जिले में रेडीमेड कपड़ों की 300 से अधिक दुकानें हैं। लेकिन ठंड कम पड़ने से जितना माल मंगाया था, उसका 20 प्रतिशत भी नहीं बिका है। इससे व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित है। इससे व्यापारियों के खरीदने की क्षमता प्रभावित होगी। जिले में छोटे से छोटे दुकानदार ने पांच से दस लाख रुपये का माल का स्टॉक किया है। यदि मौसम ने साथ नहीं दिया तो व्यवसायियों को काफी नुकसान होगा। इस समय बाजार में शॉल, सदरी, लेडीज ऊनी शूट आदि की बेहतर क्वालिटी उपलब्ध है। लेकिन दिसंबर में कड़ाकेे की ठंड नहीं पड़ने से दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ कम उमड़ रही है।