चंदौली। बीएसएनएल की टेलीफोन और ब्राडबैंड सेवा सोमवार को अपराह्न तक ध्वस्त रही। इंटरनेट और टेलीफोन सेवा फेल होने के कारण सरकारी कार्यालयों का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हुआ। मुख्यालय स्थित बैंक शाखाओं में काम नहीं हो पाया। इसके चलते कर्मचारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उक्त गड़बड़ी को दुरुस्त करने में टेलीफोन एक्सचेंज के कर्मचारी लगे रहे।
दरअसल रविवार की रात करीब साढ़े ग्यारह बजे मुख्यालय स्थित बीएसएनएल एक्सचेंज से जुड़े 400 टेलीफोन और 100 वाई मैक्स कनेक्शन डेड हो गए। कुछ लोगों ने रात को ही इसकी शिकायत बीएसएनएल कर्मियों से की। सुबह होते ही एक के बाद एक शिकायतें आने लगीं तो कर्मी सक्रिय हुए। एक्सचेंज की जांच में पता चला कि सभी कनेक्शन डेड पड़े हैं। इसके बाद कर्मचारी गड़बड़ी ढूंढने में जुट गए। सुबह दस बजे के बाद बैंक शाखाएं और सरकारी कार्यालय खुले तो जरूर, लेकिन इंटरनेट और टेलीफोन व्यवस्था ध्वस्त होने के कारण कामकाज काफी प्रभावित हुआ। सबसे खराब स्थिति बैंकों की रही। इंटरनेट सेवा ठप होने के कारण बैंकों में कामकाज प्रभावित रहा। वहीं सरकारी कार्यालयों में कर्मचारी जरूरी दस्तावेजों को ईमेल और फैक्स करने में जद्दोजहद करते हुए दिखे। दूसरी ओर बीएसएनएल कर्मी गड़बड़ी को दुरुस्त करने में पसीना बहाते रहे। इस संबंध में एसडीओ टेलीफोन बीके सिंह ने बताया कि गड़बड़ी को दुरुस्त करने में कर्मचारी लगे हुए हैं। जल्द ही टेलीफोन और इंटरनेट व्यवस्था पूरी तरह से बहाल कर दी जाएगी।