चंदौली। 12 सूत्री मांगों को लेकर भारतीय समाचार पत्र विक्रेता संघ के एक प्रतिनिधि मंडल ने शुक्रवार को जिलाध्यक्ष विजय जायसवाल के नेतृत्व मेें कलेक्ट्रेट पहुंच कर जिलाधिकारी पवन कुमार से मुलाकात की।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि यदि किसी समाचार पत्र विक्रेता की दुर्घटना में मौत हो जाती है तो उसके पारिवारिक जनों को पांच लाख तथा घायलों को दो लाख रुपये मुआवजा दिया जाए। इतना ही नहीं समाचार पत्र विक्रेताओं को शैक्षिक योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियों में दस प्रतिशत छूट प्रदान की जाए। संगठन के कार्यालय के लिए शासन की ओर से स्थान आवंटित किया जाए। समाचार पत्र विक्रेताओं की बहन और पुत्री की शादी के लिए शासन की ओर एक लाख रुपये का अनुदान दिया जाए। मेधावी छात्रों को आगे की पढ़ाई पूरी करने के लिए नि:शुल्क शिक्षा और छात्रवृत्ति का प्रबंध किया जाए। मांग किया समाचार पत्र विक्रेताओं के परिवार को बीपीएल कार्ड जारी किया जाए। प्रतिनिधि मंडल में भागवत नारायण चौरसिया, कमलेश विश्वकर्मा, छोटू कुशवाहा, मदन यादव, अमित शर्मा, जवाहर भारती, बच्चन भारती उपस्थित रहे।