चंदौली। क्षेत्र के जसुरी गांव में सोमवार को श्री हनुमान जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान विविध धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयोजित मानस पाठ में भक्त भक्ति रस में गोते लगाते रहे।
हनुमान जयंती के अवसर पर मंदिर प्रांगण में चौबीस घंटे का मानस पाठ सोमवार को समाप्त हो गया और इसी के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों और भोजपुरी संगीत का आयोजन किया गया। इसमें गांव के साथ-साथ क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा स्थल पर पहुंचे और भक्ति रस में गोते लगा कर खुद को धन्य करते रहे। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में वर्षों से श्री हनुमान जयंती मनाई जा रही है। यह आयोजन ग्रामीणों के आपसी सहयोग से होता है। जयंती की संध्या पर भोजपुरी संगीत कार्यक्रम में मशहूर गायकों ने अपनी भक्ति पूर्ण प्रस्तुति सुनाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य जितेंद्र कुमार सिंह, सुजीत सिंह रिंकू , मंजीत सिंह, अनिल पांडेय, पिंकू सिंह, डा.कपिंद्र प्रताप सिंह, रिंकू सिंह आदि लोग उपस्थित रहे।