मुगलसराय। राजकीय रेलवे पुलिस ने स्थानीय रेलवे स्टेशन पर सोमवार को दीपावली के मद्देनजर चेकिंग अभियान चलाकर प्लेटफार्म नंबर दो के पश्चिमी छोर से तीन व्यक्तियों को 16 किग्रा गांजा के साथ गिरफ्तार किया। तीनों में एक वाराणसी, दसरा बिहार और तीसरा पश्चिम बंगाल का निवासी है। जीआरपी ने तीनों पर मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
स्थानीय रेलवे स्टेशन पर सोमवार को जीआरपी टीम दीपावली और डाला छठ पूजा के मद्देनजर रेल यात्रियों की सुरक्षा के बाबत गश्त कर रही थी। टीम जैसे ही प्लेटफार्म नंबर दो के पश्चिमी छोर पर स्थित लाइन शहीद बाबा मजार के समीप पहुुंची तो देखा कि तीन संदिग्ध व्यक्ति एयर बैग लेकर खड़े थे। जीआरपी जवानों ने तीनों व्यक्तियों को पास आने का इशारा किया तो तीनों उल्टे कदम भागने लगे। जिसे जीआरपी ने दौड़ाकर दबोच लिया और थाने ले आये। जहां पूछताछ पर तीनों व्यक्तियों ने क्रमश: अपना नाम लक्ष्मण साव निवासी खटया पश्चिम बंगाल, डब्लू सोनकर हुकुलगंज वाराणसी और बादल पासवान सासाराम बिहार का निवासी बताया। जब इनके बैग की तलाशी ली गई तो उसमें से नाजायज लगभग सोलह किग्रा गांजा बरामद हुआ।