मुगलसराय/नियामताबाद। क्षेत्र के सिंघीताली पुलिया के पांच जीवधिपुर के समीप मंगलवार को कोतवाल आरपी यादव के नेतृत्व में छापेमारी कर औद्योगिक नगर पुलिस व आपूर्ति विभाग की टीम ने डीजल, पेट्रोल व केरोसिन के अवैध कारोबार का पर्दाफाश करते हुए तेल से भरे आठ ड्रमों सहित कुल 16 ड्रम व इस्तेमाल करने सामान बरामद किया। रीफिलिंग कर रहे एक टैंकर को भी पुलिस ने कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में ले लिया है। आपूर्ति विभाग की टीम ने बरामद तेल का सेंपुल भर कर परीक्षण के लिए भेज दिया है।
मंगलवार को भारत पेट्रोलियम से डीजल लेकर एक टैंकर सुल्तानपुर के लिए रवाना हुआ और जीवधिपुर के सामने स्थित गोदाम के पास पहुंच कर डीजल निकलवाने लगा। इसकी खबर किसी ने कोतवाल आरपी यादव को दी। जिस पर उन्होंने औद्योगिक नगर पुलिस चौकी इंचार्ज महेंद्र यादव व आपूर्ति निरीक्षक संतोष सिंह की टीम के साथ छापा मार दिया। छापेमारी के दौरान टैंकर से तेल निकालते समय ही चालक फित्तू राम को धर दबोचा। जबकि अवैध गोदाम संचालक पुलिस टीम को देख कर भाग खड़ा हुआ।
टीम ने गोदाम के कमरे से 16 ड्रम बरामद किये। आठ ड्रमों में से चार ड्रम में डीजल, तीन ड्रम में पेट्रोल व एक ड्रम में केरोसिन बरामद किया गया। जबकि बाकी खाली मिले। पुलिस ने तेल भरने वाला कट्टा, पाइप आदिबरामद किया। मिलावटी तेलों की जांच पूर्ति निरीक्षक संतोष कुमार ने किया। गिरफ्तार चालक व टैंकर, ड्रमों को कब्जे में लेकर थाने ले आए। इस संबंध में आपूर्ति निरीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी से आदेश मिलते ही मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। कोतवाल आरपी यादव ने बताया कि टैंकर, ड्रम बरामद करते हुए चालक फित्तू राम को हिरासत में ले लिया गया है। मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई चल रही है।