नियामताबाद। अलीनगर थाना क्षेत्र के भटरियां गांव में शुक्रवार को अपराह्न एक बजे वर्षों से बंद पड़ी कत्था फैक्ट्री के आसपास लगे झाड़ झंखाड़ में अचानक आग लग गई। इसे समय रहते ही ग्रामीणों ने देख लिया तथा तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित कर आग बुझाने में जुट गए। कुछ ही देर में मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड तथा ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया जा सका। आग में किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। भटरियां गांव में वर्षों पूर्व वाराणसी क्षेत्र के राजू सिंह द्वारा कत्था बनाने वाली फैक्ट्री खोली गई थी। बाद में उसे बंद कर दिया गया। विगत कई वर्षों से फैक्ट्री बंद पड़ी हुई है। फैक्ट्री बंद होने के कारण उसमें झाड़ झंखाड़ उग आ गए हैं। शुक्रवार को अपरान्ह एक बजे अचानक झाड़ में आग लग गई, जो धू धू कर जलने लगी। वहीं गार्ड संकठा यादव ने तत्काल अगलगी की सूचना फायर ब्रिगेडकर्मियों को दिया और ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाने का प्रयास किया जाने लगा। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड कर्मियों और ग्रामीणों के सहयोग से आग को बुझाया गया। वहीं इस अगलगी की घटना में कोई नुकसान नहीं हुआ है।