मुगलसराय। मंडल के अधीन गंजख्वाजा रेलवे स्टेशन के माइक्रोवेब कैंपस में बुधवार को आग लग गई। इसे देख रेल कर्मियाें में अफरातफरी मच गई। रेल कर्मियाें ने तत्काल इसकी जानकारी उच्चाधिकारियाें को दी। सूचना मिलते ही आला अधिकारियाें के भी हाथ-पांव फूलने लगे। अधिकारियाें ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही रेल कर्मियाें ने जैसे तैसे आग पर काबू पाया।
गंजख्वाजा रेलवे स्टेशन के लगभग सौ मीटर पश्चिम छोर स्थित गेहूं की खेत में पडे़ ठूंठ को किसानाें ने बुधवार की पूर्वाह्न दस बजे आग लगा दिया। ठूंठ में लगी आग हवा का संग पाकर धीरे धीरे स्टेशन की तरफ बढ़ने लगी। जब तक लोग इस तरफ ध्यान देते तब तक आग रेलवे स्टेशन स्थित माइक्रोवेब कैंपस तक पहुंच गई। कैंपस में झाड़-झंखाड़ और बड़े-बड़े यूकेलिप्टस के पेड़ाें में आग की लपट उठते देख लगभग बीस मीटर की दूरी पर रेलवे स्टेशन के अंदर बैठे रेल कर्मचारियाें में अफरातफरी मच गई। कुछ रेल कर्मियों ने इसकी सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देते हुए हाथों में बाल्टी आदि लेकर दौड़ पडे़े। माइक्रोवेब कैंपस में आग लगने की सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारियों ने फौरन फायर ब्रिगेड को सूचित किया पर फायरकर्मियों के पहुंचने के पहले ही आग पर काबू पा लिया गया। आग पर काबू पाने की सूचना मिलने के बाद बीच रास्ते से ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी दूसरी तरफ आग बुझाने के लिए निकल पड़ी। माइक्रावेब कैंपस का मुआयना करने पहुंचे अवर अभियंता निरंजन सिंह और एनपी सिंह ने बताया कि अगलगी की घटना से कोई उपकरण क्षतिग्रस्त नहीं हुआ है। कैंपस में जो झाड़ झंखाड उगी थी वही जला है। कर्मचारियाें ने बहादुरी का परिचय देते हुए आग पर काबू पा लिया।